स्वतंत्रता दिवस एवं आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा यात्रा’ का हुआ आयोजन
लखनऊ, 14 अगस्त। पर्यावरण व लोक संस्कृति सरंक्षण को समर्पित प्रगति पर्यावरण सरंक्षण ट्रस्ट की ओर से 13 अगस्त को हर घर तिरंगा अभियान का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर बर्लिंग्टन आर्केड मॉल स्थित संस्थान परिसर में देशभक्ति पर आधारित गीत व कविताओं की प्रस्तुति हुई।
जनकवि कृष्णानंद राय ने देशभक्ति की रचनाएं सुनाकर प्रभावित किया। सांस्कृतिक अध्यक्ष प्रिया पाल ने देशभक्ति पर आधारित लोक गीत सुनाए। ट्रस्ट के अध्यक्ष एडवोकेट विनोद कुमार सिंह ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव व स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ पर हर घर तिरंगा अभियान के तहत ज्यादा से ज्यादा लोगों तक तिरंगा वितरित किया जा रहा है।
इस अभियान के तहत ट्रस्ट की ओर से वर्षभर देशभक्ति व पर्यावरण संरक्षण के कार्यक्रम किये जायेंगे। इसके बाद संस्थान परिसर से हर घर तिरंगा यात्रा निकली। यात्रा के दौरान सभी हाथों में तिरंगा थामे देशभक्ति के गीत गाते हुए चल रहे थे। यात्रा बर्लिंग्टन आर्केड मॉल से शुरु होकर विधान सभा मार्ग, आकाशवाणी होते हुए वापस संस्थान परिसर पर समाप्त हुई।
यात्रा में प्रगति पर्यावरण संरक्षण ट्रस्ट के उपाध्यक्ष एनबी सिंह, डॉ माधुरी वर्मा, शिखा पटेल, शिवम, सोनू पाल, दिलीप श्रीवास्तव, रमन सिंह सहित कई लोक कलाकार, समाजसेवी, पत्रकार और संस्थान परिसर के पदाधिकारी व सदस्य शामिल हुए।