24 घंटे से हो रही भारी बारिश ने इन राज्यों में मचाई तबाही, बादल फटने के कारण 22 लोगों की मौत

हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, झारखंड और उत्तर प्रदेश में 24 घंटे से हो रही भारी बारिश ने काफी तबाही मचाई। हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन और बादल फटने के कारण 22 लोगों की मौत हो गई। वहीं, उत्तराखंड में चार लोगों की जान चली गई, जबकि 13 लापता हैं। झारखंड में बारिश के कारण चार लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोग नदियों की तेज धाराओं में बह गए। वहीं उत्तर प्रदेश में तीन लोगों की मौत हो गई। जम्मू-कश्मीर में यह आंकड़ा 2 और ओडिशा में 6 पर है।

कांगड़ा जिले में ट्रेन सेवा ठप हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के निदेशक सुदेश कुमार मोख्ता ने शनिवार को बताया कि सबसे अधिक नुकसान मंडी, कांगड़ा और चंबा जिलों में हुआ है। कई सड़कें यातायात के लिए अवरुद्ध हो गईं हैं।

ओडिशा के उत्तरी हिस्से में शुक्रवार रात भारी बारिश होने के कारण कई नदियों के उफनाने से बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है। राज्य महानदी के किनारे पहले ही बाढ़ की मार झेल रहा है। जहां 500 गांवों में लगभग चार लाख लोग फंसे हुए हैं। ओडिशा जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता बीके मिश्रा ने शनिवार को कहा कि बालासोर, क्योंझर और मयूरभंज में शुक्रवार रात भारी बारिश हुई है। इसके बाद सुवर्णरेखा, बुधबलंग, वैतरणी और सालंदी में जल स्तर पर नजर रखी जा रही है। खबर है कि राज्य में बारिश के चलते 6 लोगों की मौत हुई है।

शनिवार दोपहर चक्रवाती तूफान ने प्रतापगढ़ और कौशाम्बी में तबाही मचाई। प्रतापगढ़ के रानीगंज में पेड़ के नीचे दबने से एक किसान की मौत हो गई। कई घायल हो गए। रानीगंज के चिरकुटी बाजार से शनिवार की दोपहर साढ़े 12 बजे उठा बवंडर देखते-देखते चक्रवाती तूफान में बदल गया।

वहीं मानिकपुर थाना क्षेत्र के मऊ गुरदरी गांव में शनिवार सुबह बारिश के दौरान कच्ची दीवार गिरने से गर्भवती बहन 21 वर्षीया बबिता और उसका भाई नौ वर्षीय हेतराम मलबे में दब गए। पास ही मौजूद में परिजनों व ग्रामीणों ने मलबा हटाकर दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों दम तोड़ चुके थे।

झारखंड में 24 घंटों से हो रही भारी बारिश से लगभग सभी नदियां उफान पर हैं। सात लोग इनमें बह गए हैं, वहीं बारिश के कारण चार लोगों की जान गई है। 10 से 12 घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही है। रांची से जाने वाली आठ उड़ानों को रद्द कर दिया गया है, जबकि पांच उड़ानें डायवर्ट हुई हैं। धनबाद जिले में कोयला उत्पादन पर खासा असर पड़ा है। बारिश से लगभग 50 फीसदी उत्पादन प्रभावित हुआ है।

मंडी जिले में लगातार बारिश के कारण शनिवार को स्कूल बंद रहे। सड़क किनारे खड़े वाहन क्षतिग्रस्त हो गए हैं। हमीरपुर में आई बाढ़ के बाद फंसे 22 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है। सुबह कांगड़ा जिले में चक्की पुल के ढह जाने के बाद जोगिंदर नगर और पठानकोट मार्ग के बीच ट्रेन सेवा निलंबित कर दी गई।

Related Articles

Back to top button