धोनी को अपना गुरू मानते है ऋषभ पंत, लेकिन नहीं सीख पाए उनसे ये गुर

टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत पूर्व महान विकेटकीपर बल्लेबाज और कप्तान एमएस धोनी को अपना गुरू मानते हैं। पंत उन्हीं की तरह बनना चाहते हैं, लेकिन वे ऐसा करने से अभी कोसों दूर नजर आ रहे हैं।

ऋषभ पंत भले ही धोनी को अपना गुरू मानते हैं, लेकिन उनसे विकेटकीपिंग का एक गुर सीख नहीं सके। धोनी हमेशा आखिरी के ओवरों में विकेट के पीछे मुस्तैद रहते हैं और वे दौड़कर भी बल्लेबाज को रन आउट कर देते हैं, लेकिन पंत के साथ ऐसा नहीं देखा गया।

आपको याद होगा कि टी20 वर्ल्ड कप 2016 में जब भारत को आखिरी गेंद पर बांग्लादेश के खिलाफ 1 रन डिफेंड करना था तो एमएस धोनी ने एक दस्ताना निकाला हुआ था और वे गेंद पकड़ने के बाद सीधे स्टंप्स की तरफ दौड़े थे और स्टंप्स उड़ा दिए थे, लेकिन पंत ने अपनी जगह खड़े होकर स्टंप्स को डायरेक्ट हिट करने की कोशिश की, लेकिन वो असफल हो गए। अगर पंत धोनी वाली स्टाइल में दौड़कर स्टंप्स को हिट करते तो शायद टीम को विकेट मिल सकता था।

अगर पांचवीं गेंद पर टीम को विकेट मिलता तो मैच आखिरी गेंद तक जा सकता था और शायद भारत के जीतने के चांस भी होते। पंत ने इस मैच में एक गलती स्टंपिंग की भी की थी। हालांकि, उसमें स्टंपिंग का मार्जिन कम था, क्योंकि गेंद ऑन साइड में थी, लेकिन फिर भी एक कीपर का काम होता है कि वे गेंद को अच्छे से कलेक्ट करे और स्टंप्स उड़ाए। इस मैच में एमएस धोनी की कप्तानी की भी कमी खलती हुई नजर आई।

दरअसल, श्रीलंका के खिलाफ भारतीय क्रिकेट टीम को आखिरी दो गेंदों पर 2 रन बचाने थे। पंत ने एक दस्ताना निकाला हुआ था, जो अच्छे विकेटकीपर का गुण होता है। अर्शदीप सिंह की गेंद पर दासुन शनाका बीट हो गए और गेंद ऋषभ पंत के पास चली गई। उधर, श्रीलंकाई बल्लेबाज रन दौड़ पड़े। पंत ने अपना टाइम लिया, लेकिन करीब 20 मीटर दूर से वे स्टंप्स को हिट नहीं कर पाए। एमएस धोनी अगर इस जगह होते तो वे शायद ऐसा नहीं करते।

Related Articles

Back to top button