केरल में हुई कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा की एंट्री , नेता बोले ऐसा…
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा की एंट्री केरल में हो गई है। कार्यक्रम के अनुसार, पार्टी राज्य में 19 दिन रहेगी और करीब 450 किमी की यात्रा करेगी। अब खबर है कि कांग्रेस का दक्षिण भारतीय राज्य में इतना लंबा कार्यक्रम सत्तारूढ़ सीपीएम को रास नहीं आ रहा है।
वाम दल ने दावा किया है कि कांग्रेस केवल 2024 चुनाव में अपनी लोकसभा सीटें बचाने की कोशिश कर रही है। साथ ही सीपीएम ने कहा है कि कांग्रेस को भारतीय जनता पार्टी शासित राज्यों में ज्यादा समय देना चाहिए।
सीपीएम नेता का कहना है कि कांग्रेस अपने दावों से उलट 2024 में केवल 19 लोकसभा सीटें बचाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस दक्षिण में अपनी स्थिति मजबूत करना चाहती है। यह यात्रा भाजपा या उसकी जन विरोधी नीतियों के खिलाफ लड़ने के लिए नहीं है। असली चुनौती उत्तर में हैं और कांग्रेस उसका सामना नहीं करना चाहती।’
खास बात है कि लोकसभा में कांग्रेस की 53 सीटें हैं। इनमें से 24 तमिलनाडु, कर्नाटक और केरल से हैं। साल 2019 में हुए लोकसभा में कांग्रेस को 20 में से 19 सीटें मिली थी।
कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री वीरप्पा मोइली कहते हैं, ‘यह गुजरात या हिमाचल जाने के लिए कोई चुनावी अभियान नहीं है। इसका मकसद उत्तर से लेकर दक्षिण तक लोगों को जाति, धर्म या वर्ग से हटकर लोगों को एकजुट करना है। यह भाजपा की विभाजनकारी नीतियों के खिलाफ है।’ उनका कहना है कि कांग्रेस बांटने वाली राजनीति के खिलाफ व्यापक मकसद रखती है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सीपीएम के एक नेता ने कहा कि जैसा की कांग्रेस दावा करती है, अगर उसे भाजपा की विभाजनकारी राजनीति से लड़ना है तो यात्रा उत्तर प्रदेश या गुजरात में लंबे समय तक चलनी चाहिए। खास बात है कि भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी और अन्य नेता 2 दिनों के लिए यूपी जाएंगे। जबकि, पार्टी ने हिमाचल प्रदेश और गुजरात को रूट में शामिल नहीं किया है। इन दोनों राज्यों में साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं।