वन दरोगा के पदों पर निकली नौकरी , जल्द करे आवेदन
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग वन दरोगा के 701 पदों पर भर्ती के लिए 17 अक्तूबर से आवेदन शुरू करेगा। आवेदन की अंतिम तिथि छह नवंबर और संशोधन की अंतिम तिथि 13 नवंबर 2022 है। यूपीएसएसएससी फॉरेस्ट इंस्पेक्टर के पदों पर भर्ती 2022 के लिए गुरुवार को आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया। अभ्यर्थियों को सलाह है कि पूरा भर्ती नोटिफिकेशन पढ़ने के बाद ही आवेदन करें। आगे देखिए प्रमुख आवेदन शर्तें व नोटिफिकेशन।
उत्तर प्रदेश की महिला अभ्यर्थियों के मामले में पिता पक्ष से जारी जाति प्रमाण पत्र ही मान्य होंगे। भर्ती के लिए गणित, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, वनस्पति विज्ञान, जंतु विज्ञान, वानिकी, भूगर्भ विज्ञान, कृषि, सांख्यकी, पर्यावरण विज्ञान में से दो या अधिक विषय से स्नातक या अभियांत्रिकी में स्नातक उपाधि या पशु चिकित्सा विज्ञान में स्नातक उपाधि वाले पात्र होंगे। लिखित परीक्षा के आधार पर पात्रों का चयन किया जाएगा।
शारीरिक परीक्षा में पुरुष की ऊंचाई 163 सेंटी मीटर, सीना फुलाने पर 84 सेमी और फैलाव पांच सेमी वाला ही पात्र होगा। महिला के लिए ऊंचाई 150 सेमी, सीना 79 और फैलाव पांच सेमी होना चाहिए। अनुसूचित जाति, गोरखा, नेपाली, गढ़वाली और कुमाऊंनी लोगों के लिए पुरुष की ऊंचाई 152.5 सेमी और महिला की 145 सेमी रखा गया है। पुरुष अभ्यर्थियों को चार घंटे में 25 किमी और महिलाओं को इसी अवधि में 14 किमी पैदल चलने की अर्हता रखी गई है।