खुले में सीवर बहाने के मामले में नगर निगम ने की कार्रवाई, लगाया 20 लाख का जुर्माना

खुले में सीवर बहाने के मामले में नगर निगम ने दो अपार्टमेंट की प्रबंधन समितियों पर कार्रवाई की है। गंगोत्री विहार स्थित क्लासिक अपार्टमेंट और मयूर विहार स्थित रेसीजोन सोसायटी के खिलाफ लोग लंबे समय से मोर्चा खोले हुए थे। लंबे इंतजार के बाद नगर निगम ने इन दोनों पर दस-दस लाख रुपये का अर्थदंड लगाया। दोनों जगह नगर निगम ने कई बार नोटिस भी दिए थे।

क्लासिक अपार्टमेंट का सीवर सामने की सड़क पर बहता मिला। वहीं, रेसीजोन सोसायटी का सीवर परिसर के पीछे से गुजरने वाले बरसाती नाले में बहाया जाता है। निगम ने बताया कि कई बार चेतावनी दी गई लेकिन अपार्टमेंट बार-बार इसका उल्लंघन कर रहे थे।

देहरादून के क्लेमनटाउन कैंट बोर्ड को नगर निगम के कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन पर बिना अनुमति कूड़ा डालना महंगा पड़ गया। नगर निगम ने कैंट बोर्ड पर बीस लाख रुपये का जुर्माना लगा दिया है।

साथ ही, चेतावनी दी कि यदि भविष्य में नगर निगम के सीमा क्षेत्र में कैंट बोर्ड के वाहन कूड़ा गिराते मिले तो केस दर्ज करवाया जाएगा। मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खन्ना ने बताया कि कैंट बोर्ड ने अपना पक्ष नहीं रखा। आदेशों का उल्लंघन करने पर जुर्माना लगाया गया।

गंगोत्री विहार स्थित क्लासिक अपार्टमेंट में 65 परिवार रहते हैं। यहां बिल्डर ने सीवर के निस्तारण का उचित इंतजाम नहीं किया था। लंबे समय से सीवर खुले में सड़क पर बहता रहा। कई बार इस अपार्टमेंट के बाहर लोगों ने विरोध जताया। यहां कुछ दूरी पर मयूर विहार स्थित रेसीजोन सोसायटी का सीवर भी बरसाती नाले में बहाया जाता रहा।

दोनों की शिकायत के बाद गुरुवार को मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खन्ना मौके पर पहुंचे। पार्षद चुन्न्नी लाल और आसपास के लोग भी मौजूद थे। निरीक्षण के बाद जुर्माना लगाने के साथ ही तत्काल सीवर का समाधान कराने का आदेश दिया गया। दोबारा आदेश का उल्लंघन पर इनके संचालकों पर केस दर्ज कराया जाएगा।

Related Articles

Back to top button