प्रियंका की बढ़ेगी भूमिका, गुजरात-हिमाचल चुनाव में संभालेंगी…
हिमाचल प्रदेश और गुजरात विधानसभा चुनाव में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की भूमिका बढ़ सकती है। प्रियंका गांधी इन दोनों प्रदेशों चुनाव में चुनाव प्रचार का जिम्मा संभालेंगी। क्योंकि, पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी इन दिनों भारत जोड़ो यात्रा में व्यस्त हैं। प्रियंका गांधी के साथ कांग्रेस के नए अध्यक्ष भी दोनों प्रदेशों के चुनाव में मुख्य प्रचारक होंगे।
हिमाचल प्रदेश में वरिष्ठ नेता वीरभद्र सिंह के निधन के बाद यह पहला विधानसभा चुनाव है। पार्टी ने वीरभद्र सिंह की पत्नी और तीन बार की सांसद प्रतिभा सिंह को प्रदेश अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपकर इस कमी को पूरा करने की कोशिश की है। प्रदेश में भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और सरकार का खराब प्रदर्शन अहम मुद्दे हैं। पार्टी इन मुद्दों को पूरी शिद्दत से उठा रही है।
पार्टी के एक वरिष्ठ नेता के मुताबिक, राहुल गांधी हिमाचल प्रदेश और गुजरात विधानसभा चुनाव प्रचार में हिस्सा लेंगे। जिस दिन उन्हें प्रचार के लिए जाना होगा, उस दिन यात्रा नहीं होगी। ऐसे में माना जा रहा है कि राहुल यात्रा के अवकाश के दिन इन प्रदेशों में प्रचार अभियान में हिस्सा लेंगे। वर्ष 2017 चुनाव में राहुल गांधी ने गुजरात में काफी समय दिया था।