डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम पैरोल पर बाहर, म्यूजिक वीडियो में व्यस्त

डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम पैरोल पर बाहर है। बलात्कार और हत्या का दोषी बाबा 40 दिनों की राहत के दौरान सत्संग, म्यूजिक वीडियो और दिवाली के जश्न में व्यस्त है। खास बात है कि पैरोल को लेकर राजनीति भी गर्म है। भारत में राजनेता नियमों की तुलना विदेश से कर रहे हैं। हालांकि, जेल जाने से पहले भी वह लाइफस्टाइल के कारण खासी चर्चा में रहा है।

दिवाली के मौके पर राम रहीम के यूट्यूब चैनल संत एमएसजी पर म्यूजिक वीडियो जारी हुआ। खास बात है कि इसका म्यूजिक भी डेरा प्रमुख ने दिया है और गाया भी है। इतना ही नहीं उन्होंने लिरिक्स, कंपोजिंग, निर्देशन भी खुद ही किया है। हालांकि, इससे पहले भी कई गाने तैयार कर चुके हैं।

इसके अलावा डेरा प्रमुख ऑनलाइन सत्संग में भी व्यस्त है। कहा जा रहा है कि वह जेल में काटे गए समय के दौरान किताब लिखने का भी मन बना रहा है। इधर, भारतीय जनता पार्टी की हरियाणा इकाई ऑनलाइन सत्संग में शामिल होने के चलते निशाने पर आ गई है। दरअसल, हरियाणा की आदमपुर सीट पर होने वाले उपचुनाव और पंचायत चुनाव के चलते पहले ही राजनीतिक पारा गर्म है।

डेरा प्रमुख सिरसा स्थित आश्रम में दो साध्वियों के बलात्कार के जुर्म में उम्रकैद की सजा काट रहा है। सीबीआई की विशेष अदालत ने साल 2017 में उसे दोषी पाया था। 2021 में राम रहीम समेत चार लोगों पर डेरा मैनेजर रहे रंजीत सिंह की हत्या का दोष साबित हुआ था। इसके अलावा उसे 2019 में पत्रकार की हत्या का भी दोषी पाया गया था।

26 अक्टूबर को राम रहीम ने गोद ली हुई बेटी हनीप्रीत का नाम बदलने की ऐलान किया। इसके बाद अब हनीप्रीत ‘रुहानी दीदी’ या ‘रूह दी’ के नाम से जानी जाएंगी। खास बात है कि हनीप्रीत को भी पुलिस ने साल 2017 में गिरफ्तार किया था। उनपर पंचकूला और अन्य जगहों पर दंगा भड़काने के आरोप थे। साल 2019 में उन्हें जमानत मिल गई थी।

Related Articles

Back to top button