2 दिनों में एयर इंडिया की 3 फ्लाइट रद्द, जानिए क्या है वजह

यर इंडिया की पिछले दो दिन में कम से कम तीन अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट तकनीकी गड़बड़ी के कारण प्रभावित हुई हैं। उड़ान रद्द होने से मंगलवार से 300 यात्री अमेरिका में शिकागो एयरपोर्ट पर फंसे हुए हैं।

सूत्रों ने यह जानकारी दी है। सूत्रों ने बताया कि शिकागो और वैंकुवर की उड़ानों को विमानों में तकनीकी गड़बड़ी के कारण मंगलवार को रद्द कर दिया गया। दोनों उड़ानों को बोइंग 777 विमान के जरिये संचालित किया जाना था।

सूत्रों ने बताया कि इसके अलावा पेरिस से दिल्ली आने वाली एक उड़ान रद्द करनी पड़ी। इस संबंध में जानकारी के लिए संपर्क किए जाने पर एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि उड़ान संख्या एआई126 को 14 मार्च को तकनीकी गड़बड़ी के कारण रद्द करना पड़ा था।

एयर इंडिया के एक प्रवक्ता ने कहा, ”14 मार्च, 2023 को एयर इंडिया की उड़ान एआई 126 को तकनीकी कारणों से रद्द करना पड़ा। प्रभावित यात्रियों को असुविधा नहीं हो इसका ध्यान रखा जा रहा है। उन्हें वैकल्पिक उड़ानों के जरिए वापस भेजा जा रहा है। हमें अपने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद है।

आपको बता दें कि पिछले साल से एयर इंडिया सहित कई विमानन कंपनी पायलट की कमी से जूझ रही है। एयर इंडिया के पायलटों ने दिसंबर में लंबे समय तक काम करने और इसके बदले अनुचित मुआवजा देने के कारण हड़ताल करने की धमकी भी दी थी। पायलट की कमी के कारण भी कई विमान या तो देरी से उड़ान भर रहे हैं या फिर उन्हें रद्द करना पड़ रहा है।

प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, ”प्रभावित यात्रियों को हर प्रकार की मदद दी गई और उन्हें वैकल्पिक उड़ानों में भेजने के हर प्रयास किए जा रहे हैं। हमें अपने यात्रियों को हुई असुविधा पर खेद है।” अभी यह पता नहीं चल पाया है कि इन तीन उड़ानों के रद्द होने से कितने यात्री प्रभावित हुए हैं।

 

Related Articles

Back to top button