दिल्ली नगर निगम में महापौर पद के लिए चुनाव आज, शुरू हुई तैयारी

दिल्ली नगर निगम में महापौर पद के लिए बुधवार को चुनाव होंगे। महापौर पद के लिए आम आदमी पार्टी की तरफ से वर्तमान महापौर डॉ. शैली ओबरॉय ने फिर से नामांकन दाखिल किया।

भाजपा की तरफ से पार्षद शिखा राय बीते मंगलवार को ही नामांकन भर चुकी हैं। चुनाव को लेकर निगम मुख्यालय की ओर से तैयारी पूरी की जा चुकी है। वहीं, उप-महापौर पद के लिए आले मोहम्मद इकबाल नामांकन दाखिल कर चुके हैं, जबकि भाजपा की तरफ से सोनी पांडे खड़े हैं। सूत्रों ने इस बार भी चुनाव के दौरान हंगामे की आशंका जताई है।

पार्टी – महापौर पद के प्रत्याशी – उप महापौर पद के प्रत्याशी
1- आप – डॉ. शैली ओबरॉय – आले मोहम्मद इकबाल
2- भाजपा – शिखा राय – सोनी पांडे

वहीं, पिछले दिनों आप के दो पार्षद भाजपा में शामिल होने के बाद भाजपा की स्थिति पहले की तुलना में सुधरी जरूर है, लेकिन मजबूत नहीं हुई है। भाजपा के पास कुछ वोट अभी भी आप पार्टी से बहुत कम हैं। यही वजह है कि चुनाव हंगामेदार रहने के आसार हैं। पिछली बार भी चुनाव के दौरान सदन में देर रात तक हंगामा चला था।

चुनाव को लेकर सदन में वोटिंग के बॉक्स लगा दिए गए हैं। निगम सूत्रों का कहना है कि चुनाव हंगामेदार होने के आसार हैं। इसलिए सुरक्षा की दृष्टि से मार्शल भी तैनात किए जा रहे हैं।

निगम अधिकारियों का कहना है कि महापौर का चुनाव सुबह 11 बजे शुरू होगा और वोटिंग प्रक्रिया के समाप्त होने तक चलेगा। बताया गया कि स्थायी समिति के छह सदस्यों का चुनाव घोषित करने का फैसला अब तीन मई को आना है इसलिए स्थायी समिति का चुनाव बुधवार को नहीं हो सकेगा।

 

Related Articles

Back to top button