दिल्ली में आंधी-तूफान और झमाझम बारिश, न्यूनतम तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस

दिल्ली में मंगलवार को सुबह मौसम सुहावना रहने से दिल्ली वासियों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली और शहर में न्यूनतम तापमान सामान्य से छह डिग्री कम 20.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इससे पहले सोमवार को सुबह साढ़े आठ बजे से मंगलवार को सुबह साढ़े आठ बजे तक एक मिमी बारिश दर्ज की गई। सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, शहर में आज सुबह हवा में आर्द्रता का स्तर 77 प्रतिशत रहा। न्यूनतम तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में गरज के साथ छींटे पड़ने और बारिश होने के आसार हैं। अधिकतम तापमान के 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा।

मौसम विभाग के अनुसार नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से 01 जून से दिल्ली समेत उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में एक बार फिर से बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी। वहीं, इस दौरान तेज हवाएं भी चलेंगी। वहीं, अगर अधिकतम तापमान की बात करें तो 05 जून तक तापमान 40 डिग्री के नीचे दर्ज किया जाएगा। मंगलवार दिन भर की धूप के बाद शाम में मौसम सुहाना हो गया। वहीं, 01 जून को भी नई दिल्ली में बारिश दर्ज की जाएगी।

 

Related Articles

Back to top button