कर्नाटक दांव से मध्य प्रदेश जीतने का प्लान, प्रियंका गांधी ने किया ये ऐलान

 मध्य प्रदेश में इस साल के अंत तक विधानसभा चुनाव होने हैं। इसके लिए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा आज (सोमवार को) जबलपुर से अपने प्रचार अभियान की शुरुआत करने जा रही हैं।

अपनी पांच प्रतिज्ञा या गारंटी और पुरानी पेंशन स्कीम के सहारे कर्नाटक में जीत दर्ज करने वाली कांग्रेस उसी पैटर्न पर मध्य प्रदेश में भी जीत हासिल करना चाहती है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा लाडली बहना योजना की शुरुआत करने के कुछ दिनों बाद प्रियंका गांधी वाड्रा जबलपुर में एक जनसभा को संबोधित करके पार्टी के अभियान की शुरुआत करेंगी। माना जा रहा है कि अभियान को आगे बढ़ाने में वह बड़ी भूमिका निभा सकती हैं। प्रियंका कांग्रेस के प्रचार अभियान की शुरुआत नर्मदा तट पर पूजा-अर्चना करने के बाद करेंगी। पार्टी के एक नेता ने यह जानकारी दी।

जबलपुर राज्य के महाकौशल क्षेत्र का केन्द्र है और यहां आदिवासी मतदाताओं की संख्या बहुत ज्यादा है। 2018 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस ने आठ जिलों के इस संभाग में अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित 13 सीटों में से 11 पर जीत हासिल की जबकि शेष दो सीटों पर भारतीय जनता पार्टी को जीत मिली थी।

हालांकि, एमपी कांग्रेस प्रमुख कमलनाथ पहले ही पांच वादों की घोषणा कर चुके हैं। कांग्रेस का चुनावी अभियान उसी पर केंद्रित होगा। इसमें मुफ्त बिजली, कृषि ऋण माफ करना, महिलाओं को प्रति माह 1,500 रुपये देना और कुछ अन्य कल्याणकारी उपाय शामिल हैं। कर्नाटक चुनावों में भी कांग्रेस ने पांच गारंटी का वादा किया था।

Related Articles

Back to top button