दिल्ली और मुंबई में हुई झमाझम बारिश, भीषण गर्मी से मिली राहत

भीषण गर्मी के बीच लोग कई दिनों से मॉनसून का इंतजार कर रहे थे। रविवार सुबह से ही जारी रिमझिम बारिश ने ना केवल दिल्ली वालों को खुश कर दिया बल्कि मुंबईकर भी राहत की सांस ले रहे हैं।

मुंबई में कई जगहों पर जलभराव का संकट भी देखने को मिल रहा है। बीते 62 साल में ऐसा पहली बार हुआ है जबकि दिल्ली और मुंबई में एक साथ ही मानसून पहुंच गया है। इससे पहले 21 जून 1961 को ऐसा हुआ था कि मुंबई और दिल्ली दोनों ही जगह साथ में मानसून पहुंचा था।

दोनों ही महानगरों के बीच की दूरी लगभग 1430 किलोमीटर है। आम तौर पर मॉनसून राजधानी दिल्ली में 27 जून को पहुंचता था हालांकि इस बार यह पहले पहुंच गया। जबकि बात करें मॉनसून के केरल तक पहुंचने की तो इस बार यह 8 दिन देरी से पहुंचा था। मौसम विभाग का कहना था कि अरब सागर में चक्रवात की वजह से मानसून में देरी हुई। हालांकि भारत को कवर करने में इसने ज्यादा समय नहीं लिया।

राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में रविवार को रिमझिम बारिश जारी है। अगले चार दिनों के लिए दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मुंबई में शनिवार से ही बारिश हो रही है। यहां अगले चार दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। बता दें कि दिल्ली के आसपास गुरुग्राम, नोएडा, गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ, बागपत तक भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 35 डिग्री तक रहने का अनुमान है।

दरअसल इस बार दिल्ली तो मॉनसून समय से पहले पहुंच गया लेकिन मुंबई में देरी से पहुंचा। आम तौर पर मुंबई में 11 जून को ही मानसूनी बारिश शुरू हो जाया करती थी। इस बार दो सप्ताह बाद मुंबई में बादल मेहरबान हुए। पिछले साल 30 जून को मॉनसून दिल्ली पहुंचा था।

Related Articles

Back to top button