दिल्ली नगर निगम चुनावों के लिए आम आदमी पार्टी ने जारी किया घोषणापत्र, दी ये गारंटी 

दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनावों के लिए शुक्रवार को ‘आप’ का घोषणापत्र जारी कर दिया। केजरीवाल ने ‘आप’ मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एमसीडी के लिए ‘केजरीवाल की दस गारंटी’ दी हैं।

केजरीवाल ने कहा कि भाजपा ने एमसीडी में अपने 15 साल के कार्यकाल में कुछ नहीं किया, जबकि ‘आप’ हमेशा अपने वादों को पूरा करती है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा दिल्ली नगर निगम चुनाव में 20 से अधिक सीटें नहीं जीतेगी। दिल्ली के 250 वार्ड वाले निगम के लिए चार दिसंबर को चुनाव होगा और मतों की गिनती सात दिसंबर को होगी।

एमसीडी चुनाव के लिए ‘आप’ की 10 गारंटी

1. दिल्ली को साफ और सुंदर बनाएंगे और कूड़े के पहाड़ खत्म करेंगे। कोई भी नया कूड़े का पहाड़ नहीं बनने देंगे।

वसूली व्यवस्था को बंद करेंगे। एमसीडी को भ्रष्टाचार मुक्त बनाएंगे। अवैध निर्माणों को पैनल्टी लेकर नियमित करेंगे।

3. पार्किंग की समस्या का समाधान करेंगे।

4. सड़कों पर घूमने वाले आवारा पशुओं की समस्या का समाधान करेंगे।

5. दिल्ली में सड़कें-गलियां बेहतर बनाएंगे।

6. नगर निगम के सभी अस्पतालों और डिस्पेंसरियों की हालत सुधारेंगे।

7. नगर निगम के सभी पार्कों को संवारेंगे और दिल्ली को पार्कों की राजधानी बनाएंगे।

8. कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया जाएगा और समय पर सैलरी देंगे।

9. व्यापारियों के लिए लाइसेंसिंग प्रक्रिया आसान करेंगे। इंस्पेक्टर राज भी खत्म करेंगे और भी समस्याओं से मुक्ति दिलाएंगे।

10. रेहड़ी-पटरी वालों की समस्या का समाधान करने के लिए वेंडिंग जोन बनाकर लाइसेंस देंगे।

सीएम केजरीवाल ने शुक्रवार को 4 दिसंबर को होने वाले एमसीडी चुनावों के लिए ‘आप’ की 10 गारंटियों की घोषणा की, जिसमें दिल्ली में तीनों लैंडफिल साइटों को साफ करना, नगर निगम में भ्रष्टाचार खत्म करना और निगम कर्मियों को समय पर सैलरी का भुगतान जैसी गारंटियां शामिल है।

Related Articles

Back to top button