पंजाब के मोगा नगर निगम पर आप का कब्जा, कांग्रेस की मेयर को हराया

पंजाब की सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) ने राज्य की मोगा नगर निगम पर कब्ज़ा कर लिया है। सत्तारूढ़ दल ने कांग्रेस की मेयर नितिका भल्ला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव जीत लिया है। सदन में मौजूद 48 में से 41 पार्षदों ने अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में वोट किया। गौरतलब है कि नगर निगम में कुल 50 पार्षद हैं।

37 वर्षीय निकिता पहली बार कांग्रेस से पार्षद बनी थीं और फिर मोगा की मेयर बनी थीं। वह मोगा की मेयर के रूप में काम करने वाली पहली महिला हैं। वह 13 मई, 2021 को मेयर बनी थीं। कुछ दिनों पहले ही सतर्कता ब्यूरो ने उन्हें शहर में सीसीटीवी लगाने और पेड़ पौधे लगाने की परियोजना में हुई धांधली के सिलसिले में पूछताछ के लिए बुलाया था। हालांकि, मेयर ने निगम के टेंडर में कुछ भी गलत होने से इनकार किया था।

अविश्वास प्रस्ताव हारने के बाद मेयर नितिका भल्ला ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इस तरह मोगा पंजाब का पहला ऐसा नगर निगम बन गया है, जहां जल्द ही आम आदमी पार्टी का मेयर होगा। हलका विधायक अमनदीप अरोड़ा और धर्मकोट विधायक देविंदरजीत सिंह लाडी धोस के नेतृत्व में 41 पार्षदों ने नितिका भल्ला के खिलाफ वोट कर आम आदमी पार्टी का समर्थन किया है।

 

Related Articles

Back to top button