असम के मुख्यमंत्री ने बिहार के सीएम नीतीश कुमार पर उठाए सवाल , कह डाली ये बात

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बिहार के सीएम नीतीश कुमार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कुमार को बार-बार पार्टी बदलने वालों का ‘मार्गदर्शक’ बताया है। जनता दल यूनाइटेड ने नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस से अलग होकर नया गठबंधन तैयार किया है। बुधवार को उन्होंने 8वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली।

NDA से अलग होने के बाद कुमार ने राष्ट्रीय जनता दल, कांग्रेस, वाम दलों और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के साथ नया गठबंधन बनाया है। हाल ही में बिहार के दिग्गज नेता आरसीपी सिंह ने जदयू को अलविदा कह दिया था। इसके बाद से ही राज्य में सियासी हलचल तेज हो गई थी। मंगलवार को कुमार ने अपनी पार्टी के विधायकों और सांसदों के साथ बैठक की और एनडीए से बाहर आने का फैसला कर लिया। उन्होंने आरोप लगाए थे कि भाजपा उनकी पार्टी तोड़ने की कोशिश कर रही है।

सरमा ने कहा, ‘आप कैसे गारंटी दे सकते हैं कि नीतीश कुमार फिर 6 या 8 महीने बाद उस गठबंधन से बाहर नहीं आएंगे? क्योंकि वह ऐसे व्यक्ति हैं, जिनका अनुमान नहीं लगाया जा सकता। हमने भी राजनीतिक दल बदला है, लेकिन हम उनकी तरह नहीं बदले। इसलिए वह उन सभी लोगों के लिए मार्गदर्शक हैं, जो हर 6 महीने में पार्टी बदलना चाहते हैं।’

Related Articles

Back to top button