बीजेपी ने महागठबंधन को बताया ऐसा, कहा – बिहार के साथ धोखा

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) से अलग होने के कुछ दिनों बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 2024 के लोकसभा चुनावों में बिहार में 35 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी में मंगलवार को दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में बिहार बीजेपी कोर कमेटी की बैठक हुई। इस बैठक में बिहार भाजपा के तमाम बड़े चेहरे शामिल हुए।

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महागठबंधन को बिहार की जनता के साथ धोखा बताया। उन्होंने कहा कि यह पिछले दरवाजे से बना गठबंधन है, जो बिहार में लालू राज को फिर से स्थापित करने की कोशिश कर रहा है। जायसवाल ने आगे कहा कि भाजपा 2024 के आम चुनाव में बिहार में 35 से अधिक सीटें जीतकर कीर्तिमान स्थापित करेगी।

बैठक के बाद जायसवाल ने कहा, ‘बिहार में महागठबंधन लोगों को धोखा देने का गठबंधन है। बीजेपी इसके खिलाफ सड़क से लेकर विधानसभा तक लड़ेगी। बीजेपी ने 2024 के लोकसभा चुनाव में 35 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है।”

उन्होंने आगे कहा, “बिहार कोर कमेटी की यह बैठक राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में हुई। सभी मुद्दों पर बहुत गहन और विस्तृत चर्चा हुई है।”

आपको बता दें कि बिहार में 40 लोकसभा सीटें हैं। राज्य में 17 सांसद भाजपा के हैं तो 16 नीतीश कुमार की पार्टी के पास। वहीं, 2019 के चुनाव में 6 सीटों पर रामविलास पासवान की पार्टी लोजपा को जीत मिली थी। तीनों दल ने साथ-साथ चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में महागठबंधन का बुरा हाल हुआ था। कांग्रेस पार्टी को सिर्फ एक सीट पर सफलता मिली थी।

इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल, सुशील कुमार मोदी, बीएल संतोष, रविशंकर प्रसाद, शाहनवाज हुसैन, मंगल पांडे, जनक राम, नंद किशोर यादव समेत कई नेता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button