उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में भारी बारिश के आसार , गरजेगे बादल
मानसून जाते-जाते कई राज्यों को भिगोने की तैयारी में है। खबर है कि मंगलवार को पश्चिम राजस्थान और कच्छ के बाद अब मानसून के लौटने में देरी हो रही है। गुरुवार को मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र समेत कई राज्यों के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के आसार हैं।
साथ ही पूर्वी उत्तर प्रदेश और राजधानी दिल्ली में भी बादल मेहरबान हो सकते हैं। संभावनाएं जताई जा रही हैं कि पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश और उससे सटे दक्षिण उत्तर प्रदेश पर बना कम दबाव का क्षेत्र अगले 2 दिनों के दौरान पश्चिम-उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ सकता है।
हरियाणा में भी गुरुवार को बिजली/गरज और भारी बारिश के साथ व्यापक हल्की या मध्यम वर्षा होने की संभावनाएं हैं। साथ ही राजस्थान में शुक्रवार तक यह स्थिति बन सकती है। राजधानी दिल्ली में भी आज मध्यम बारिश के आसार हैं। पूर्वी राजस्थान और पूर्वी उत्तर प्रदेश में गुरुवार को भारी बारिश हो सकती है।