73 साल में तीसरा सबसे गर्म महीना रहा फरवरी, तापमान सामान्य से पांच डिग्री ऊपर

राजधानी दिल्ली में फरवरी के बाद मार्च में भी मौसम के तेवर पहले जैसे ही बने हुए हैं। बीते दस दिन से तापमान सामान्य से पांच डिग्री से ऊपर बना हुआ है। आने वाले चार-पांच दिनों में भी मौसम का रुख ऐसा ही बने रहने की संभावना है। इस बार फरवरी में 73 साल में तीसरा सबसे गर्म माह रहा।

दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में गुरुवार की सुबह से ही तेज धूप निकली। दिन चढ़ने के साथ ही धूप और तेज हो गई। दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में दिन का अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से छह डिग्री ज्यादा है, जबकि, न्यूनतम तापमान 14.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य से एक डिग्री ज्यादा है। यहां पर आर्द्रता का स्तर 89 से 33 फीसदी तक रहा।

दिल्ली में इस बार ठंड की समाप्ति के बाद बसंत का मौसम बहुत ही थोड़े समय के लिए आया। आमतौर पर फरवरी में हल्की ठंड रहती है और मौसम सुहाना रहता है, लेकिन इस बार ठंड बीतने के साथ ही गर्मी में तेजी से इजाफा हुआ। पिछले दस दिन के आंकड़ों पर नजर डालें तो तापमान लगातार ही सामान्य से पांच से सात डिग्री ऊपर चल रहा है। इसके चलते लोगों को समय से पहले ही पंखे का इस्तेमाल शुरू करना पड़ा है। वाहनों में लोग वातानुकूलन का भी इस्तेमाल करने लगे हैं।

Related Articles

Back to top button