उत्तराखंड: राज्य के युवाओं के लिए खुशखबरी, धामी सरकार करने जा रही ये काम

भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितताओं के बीच राज्य के युवाओं के लिए राहत भरी खबर आई है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऐलान किया है कि जल्द ही 7 हजार पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। उत्तराखंड के सरकारी विभागों में खाली पदों पर तेजी से भर्ती अभियान शुरू होगा।

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सात हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। 12 हजार पदों पर भी जल्द परीक्षा शुरू कराई जाएगी। सरकार की इस समय प्राथमिकता यही है कि भर्ती परीक्षाएं समय पर संपन्न कराई जाए।

मुख्यमंत्री धामी ने हिन्दुस्तान से बातचीत में कहा कि युवाओं की नौकरी से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ इतनी सख्त कार्रवाई की जा रही है कि अब कोई भविष्य में कभी भी कुछ गड़बड़ी करने की हिम्मत नहीं जुटा पाएगा। पहली बार इतनी बड़ी कार्रवाई की गई है। अंतिम दोषी को पकड़ने तक जांच जारी रहेगी।

इसके लिए सरकार भर्तियों को लेकर बेहद पारदर्शी सिस्टम तैयार कर रही है। भर्ती का जिम्मा लोक सेवा आयोग को दे दिया गया है। समय पर सभी परीक्षाएं पूरी हो सकें, इसके लिए आयोग को मजबूत किया जा रहा है। कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई जा रही है। सरकार की प्राथमिकता है कि दिसंबर तक हर हाल में परीक्षा पूरी हो जाएं। इसके लिए जल्द परीक्षा कैलेंडर जारी हो रहा है। अक्तूबर में विज्ञप्ति जारी हो जाएगी।

धामी ने कहा कि विपक्ष के पास कुछ कहने को नहीं है। इसीलिए वो अपनी राजनीति चमकाने को छात्रों को आगे कर रहा है। सरकार की मंशा साफ है। हमारी प्राथमिकता यही है कि समय पर परीक्षा हो। विपक्ष उसी सीबीआई से जांच कराने की मांग कर रहा है, जिसके खिलाफ वो सबसे अधिक हल्ला मचाता है। अब वही सीबीआई विपक्ष की प्यारी हो गई है। सरकार जरूरत पड़ने पर सीबीआई क्या, किसी भी संस्था से जांच कराने को तैयार है।

यूकेएसएसएससी से लेकर अन्य परीक्षाओं में हुई गड़बड़ियों के आरोपों के बीच जहां कई भर्तियां निरस्त भी हुई हैं। ऐसे समय सात हजार पदों पर भर्ती और फिर 12 हजार और पदों पर भर्ती की खबर युवाओं के लिए अच्छी खबर मानी जा रही है। परीक्षा में गड़बड़ी करने वालों की लगातार गिरफ्तारियां हो रही हैं। अब तक तीस से ज्यादा गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।

Related Articles

Back to top button