2024 चुनाव में पीएम मोदी के खिलाफ मुख्य दावेदार होंगे ये नेता , मनीष सिसोदिया ने किया दावा

दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने शनिवार को कहा कि अरविंद केजरीवाल 2024 चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ मुख्य दावेदार होंगे। उनके अलावा आम आदमी पार्टी के नेता भी इस तरह के दावे कर रहे हैं। अब सवाल उठता है कि जब पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी, बिहार के सीएम नीतीश कुमार, तेलंगाना के सीएम के चंद्रशेखर राव, कांग्रेस नेता राहुल गांधी जैसे नामों को लेकर चर्चाएं हैं, तो भी आप के दावे क्यों मजबूत नजर आ रहे हैं।

हर घर में तिरंगा, कट्टर ईमानदार और भारत को नंबर वन बनाने जैसी बाते कर रहे केजरीवाल भाजपा की योजनाओं को खासी चुनौती देते नजर आ रहे हैं। न्यूज18 की रिपोर्ट के अनुसार, आप को लगता है कि चुनावी तौर पर आप प्रमुख ने सभी सही बटन दबा दिए हैं। इधर, पार्टी में उनके दबदबे को भी चुनौती नहीं मिली है। इसके अलावा पार्टी कई राज्यों में उनके नाम और चेहरे पर वोट मांगती है।

भाजपा नेता निजी तौर पर मानते हैं कि केजरीवाल अन्य नेताओं की तरह पीएम मोदी का सामना पारंपरिक तरीकों से नहीं करते हैं। इसके अलावा आप का गुजरात, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में तेज चुनावी अभियान जारी है। साथ ही यह भी माना जा रहा है कि अब भाजपा के खिलाफ कांग्रेस को हटाकर आप मुख्य विपक्षी दल बनने की तैयारी कर रही है।

कांग्रेस के अलावा आप ही है, जिसकी दो राज्यों में सरकार है। उत्तर और मध्य भारत के दो राज्यों में पार्टी की सरकारें हैं। दिल्ली में खुद केजरीवाल मुख्यमंत्री पद संभाल रहे हैं। वहीं, हाल ही में पार्टी ने पंजाब विधानसभा चुनाव में शानदार जीत हासिल की थी। जबकि, तृणमूल कांग्रेस, जनता दल यूनाइटेड और तेलंगाना राष्ट्र समिति अभी राज्यों से बाहर नहीं निकल पाई हैं।

Related Articles

Back to top button