आज इन राज्यों में बारिश के आसार, अंतिम दौर में मानसून

करीब चार महीनों के लंबे दौर के बाद अब दक्षिण पश्चिम मानसून भारत के उत्तर पश्चिम क्षेत्र और कच्छ से वापसी की तैयारी में है। भारत मौसम विभाग ने सोमवार को जानकारी दी है कि दक्षिण पश्चिम मानसून के वापस जाने के लिए अनुकूल स्थिति तैयार हो रही हैं। मौसम विभाग ने बताया है कि मंगलवार को ओडिशा, मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश समेत कई राज्यों में बारिश के आसार हैं। इसके अलावा राजधानी दिल्ली में भी हल्की बारिश हो सकती है।

दिल्ली-एनसीआर से मानसून इस महीने के अंत तक खत्म हो सकता है। मंगलवार को नई दिल्ली में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश के आसार हैं। आंकड़े बताते हैं कि मानसून में दिल्ली में 35 फीसदी कम बारिश हुई है। 1 जून से 18 सितंबर के बीच 398.5 मिमी बारिश हुई है। जबकि, यहां सामान्य आंकड़ा 615.8 मिमी है।

बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती परिसंचरण के कम दबाव में तब्दील होने की वजह से सोमवार को ओडिशा के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश दर्ज की गई। मौसम कार्यालय ने यह जानकारी दी। भुवनेश्वर स्थित मौसम कार्यालय ने बताया कि उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर सुबह मौजूद मौसम प्रणाली अगले 24 घंटे में स्पष्ट निम्म दबाव में बदलकर ओडिशा के तट की ओर बढ़ने की संभावना है।

मौसम कार्यालय ने बताया कि इसके प्रभाव से बुधवार तक पूरे राज्य में भारी बारिश और आंधी की संभावना है। कार्यालय ने बताया कि भुवनेश्वर और कटक शहरों में मंगलवार को भारी बारिश का एक-दो दौर और चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने मछुआरों की सलाह दी है कि वे मंगलवार को समुद्र में न जाएं क्योंकि उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

IMD के मुताबिक, ओडिशा, झारखंड, विदर्भ, पूर्वी मध्य प्रदेश, तटीय आंध्र प्रदेश और यानम में भारी बारिश हो सकती है। इनके अलावा अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, असम, नगालैंड, मिजोरम और त्रिपुरा में भी बारिश के आसार हैं। साथ ही 21 सितंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी भारी बारिश के आसार हैं।

Related Articles

Back to top button