दक्षिण भारत में बारिश से हाहाकार, कर्नाटक और केरल में तो बुरा हाल

देशभर में अभी मानसून का आखिरी दौर शुरू नहीं हुआ है, कई जगहों पर बारिश और बाढ़ ने तबाही मचाई हुई है। कर्नाटक और केरल में तो बुरा हाल है। यहां तक कि बेंगलुरु में तो कई दिनों से पूरे शहर में पानी भरा हुआ है। इसी कड़ी में आइए जानते हैं दक्षिण भारत के अन्य राज्यों में बारिश का क्या हाल है और उत्तर प्रदेश-बिहार समेत उत्तर भारत के राज्यों में कब और कितनी बारिश का अनुमान है।

भारतीय मौसम विभाग ने अन्य दक्षिणी राज्यों के लिए भी चेतावनी जारी कर दी है। आने वाले दो से तीन दिनों में मानसूनी बारिश कहर बरपाएगी। कर्नाटक, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में आठ व नौ सितंबर को भारी बारिश, तूफान और बिजली गिरने की संभावना है। इसके अलावा केरल, लक्ष्यद्वीप, तेलंगाना और तटीय आंध्र प्रदेश में छह से नौ सितंबर तक भारी से भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। तेलंगाना में तो मानसून के अंतिम चरण तक बारिश है।

इधर राजधानी दिल्ली में आसमान में बादल छाए रहने का पूर्वानुमान है। हालांकि बारिश का कोई पूर्वानुमान नहीं है। उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश हो रही है जबकि कई जगहों पर बारिश का पूर्वानुमान भी है। लखनऊ में हल्के बादल छाए रहेंगे। गाजियाबाद में आसमान साफ रहेगा। मध्य प्रदेश के कई जिलों में बौछारें पड़ने की संभावना है। दमोह, देवास, गुना, अशोकनगर जिलों में भारी बारिश के साथ बिजली गिरने की भी चिंता जताई है एवं इन स्थानों पर येलो अलर्ट जारी किया है।

बिहार में एक बार फिर से मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग की मानें तो बिहार की राजधानी पटना समेत कुल 33 जिलों में एक बार फिर से मंगलवार को मौसम करवट लेगा। प्रदेश के 33 जिलों में मौसम विभाग ने वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। लेकिन झारखंड के साथ बिहार के भी कुछ हिस्‍सों में मंगलवार को बारिश होने के आसार हैं। बिहार के कुछ इलाकों में बाढ़ से जनजीवन प्रभावित हुआ है।

दरअसल, केरल और कर्नाटक में तो यह स्थित है कि लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है। बाढ़ के चलते बेंगलुरु में इतना पानी भर गया है कि जनजीवन ठप हो गया है, वहां पिछले एक सप्ताह से भारी बारिश हो रही है। बेंगलुरु में अगले 2-3 दिनों तक भारी बारिश हो सकती है। उधर केरल में भी बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। राजधानी तिरुवनंतपुरम के पास मनकायम जलप्रपात में अचानक आई बाढ़ में बह जाने से दो लोगों की मौत हो गई।

Related Articles

Back to top button