गर्मी ने छुड़ाए पसीने, बिहार में 40 के पार पहुंचा पारा

बिहार की राजधानी पटना सहित राज्यभर में पछुआ हवा के साथ गर्मी का कहर जारी है। शुक्रवार को राज्य के 13 शहरों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार चला गया। 42.4 डिग्री के साथ शेखपुरा सर्वाधिक गर्म रहा।

रविवार को प्रदेश के उत्तर पूर्व भाग के सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया, कटिहार, दक्षिण-मध्य बिहार के पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय, जहानाबाद, दक्षिण-पूर्व के भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर व खगड़िया में लू को लेकर चेतावनी जारी की गई है। सोमवार को प्रदेश के उत्तर पूर्व और दक्षिणी भागों में लू की स्थिति बने रहने का पूर्वानुमान है।

शुक्रवार को शेखपुरा में 42.2, पटना में 41.6, गया में 41.5, जमुई में 41.2, भोजपुर में 41.5, औरंगाबाद में 41.1, वैशाली में 40.3, खगड़िया में 41.5, बांका में 41.8, नवादा में 41.5, नालंदा के हरनौत में 41.2, सीवान के जीरादेई में 41 और भागलपुर में 40.7 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। पिछले चार दिनों से अधिकतम तापमान बढ़ने से आमजन से लेकर पशु-पक्षी तक बेहाल हैं। शुक्रवार को पटना सहित पूरे राज्य में दिनभर गर्म हवाएं शरीर को झुलसाती रहीं। उत्तर पछुआ की गति दस से 15 किमी प्रतिघंटे रही।

मौसम विभाग ने शनिवार को बांका और जमुई में हीट वेव (लू) की चेतावनी जारी की है। अगले तीन दिनों तक प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी लू की स्थिति बनने का अनुमान है। लोगों से सावधानी बरतने को कहा गया है। लगातार दूसरे दिन पटना का अधिकतम तापमान 41 डिग्री के पार रहा। शुक्रवार को दशमलव अंकों की बढ़ोतरी के साथ राजधानी का अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री दर्ज किया गया।

Related Articles

Back to top button