इस बार फिर अन्तरराष्ट्रीय फलक पर चमकेगा अयोध्या का दीपोत्सव , सात देशों की रामलीलाओं का होगा मंचन

अयोध्या का दीपोत्सव इस बार फिर अन्तरराष्ट्रीय फलक पर चमकेगा। दीपावली से चार दिन पहले से यहां सात देशों की रामलीलाओं का मंचन होगा। ऐसा पहली बार होने जा रहा है।

इसके पहले दीपोत्सव में दो या तीन देशों की रामलीलाओं का मंचन हो चुका है। इन रामलीलाओं के अलावा फिल्म और टीवी कलाकारों के अभिनय से सजी रामलीला का मंचन आगामी 26 सितम्बर से शुरू होगा, जिसका शुभारम्भ राज्य के संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह करेंगे।

फिल्म और टीवी कलाकारों की रामलीला में फिल्म अभिनेत्री भाग्यश्री माता शबरी, बिन्दू दारा सिंह हनुमान, शाहबाज खान रावण, मनोज तिवारी परशुराम, रवि किशन केवट की भूमिका निभाएंगे।

उधर संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह से मिली जानकारी के अनुसार दीपावली से चार दिन पहले से अयोध्या में सात देशों की रामलीला का मंचन शुरू होगा जो दीपावली के दो दिन बाद तक चलेगा। इनमें इण्डोनेशिया, वियतनाम, मलेशिया, थाईलैंड, रूस, अमेरिका और श्रीलंका की रामलीला मण्डलियां शामिल हैं।

प्रदेश के प्रमुख सचिव संस्कृति मुकेश मेश्राम के अनुसार इस बार अयोध्या में दीपोत्सव पर करीब 16 लाख दीप प्रज्ज्वलित करने की तैयारी है। उन्होंने बताया कि उज्जैन में किसी आयोजन में एक ही बार में 11 लाख 32 हजार दीपक प्रज्ज्वलित हुए थे, उसी आयोजन का रिकार्ड इस बार अयोध्या के दीपोत्सव में तोड़ने के लिए 16 लाख दीपक प्रज्ज्वलित करने की तैयारी की जा रही है। इसके अलावा रामलीला मैदानों की चहारदीवारी के निर्माण का कार्य भी तेजी से चल रहा है। इनमें गोरखपुर, मैनपुरी, लखनऊ, महोबा आदि शामिल हैं।

आयोजक बॉबी मलिक ने बताया कि 26 सितम्बर से पांच अक्तूबर तक अयोध्या के लक्ष्मण किला मैदान पर शाम सात बजे से रात 10 बजे तक इस रामलीला का मंचन होगा जिसका सजीव प्रसारण दूरदर्शन पर भी किया जाएगा। इससे पहले वर्ष 2019 में आयोजित हुए महाकुंभ के दौरान 11 देशों की रामलीला मंडलियां प्रयागराज आई थीं।

Related Articles

Back to top button