गायत्री प्रसाद प्रजापति पर रेप का आरोप लगाने वाली महिला गिरफ्तार, लगा ये आरोप

समाजवादी पार्टी सरकार में खनन मंत्री रहे गायत्री प्रसाद प्रजापति पर रेप का आरोप लगाने वाली महिला को लखनऊ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। लखनऊ के गोमती नगर एक्‍सटेंशन इलाके से यह गिरफ्तारी हुई है।

दरअसल, सितम्‍बर 2020 में गोमतीनगर एक्‍सटेंशन थाने में गायत्री प्रजापति की कंपनी के पूर्व डायरेक्‍टर ने गायत्री प्रजापति, अनिल प्रजापति और उस महिला के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी, जान से मारने की धमकी देने और पैसे हड़पने के आरोपों को लेकर एफआईआर दर्ज कराई थी।

इस केस में पुलिस चार्जशीट लगा चुकी है। बताया जा रहा है कि गवाही देने के लिए कोर्ट की ओर से बार-बार नोटिस जारी की गई लेकिन महिला नहीं पहुंची तो उसके खिलाफ वारंट जारी किया गया।

26 अक्‍टूबर 2016 को चित्रकूट की रहने वाली इस महिला ने गोमती नगर थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। महिला ने बबलू सिंह, आशीष शुक्‍ला और एक अन्‍य व्‍यक्ति पर रेप का मुकदमा दर्ज कराया था। इसी मामले में उसने सपा सरकार में खनन मंत्री रहे गायत्री प्रजापति पर भी आरोप लगाया था। उसने गायत्री प्रजापति पर उसके साथ-साथ उसकी बेटी के भी रेप का आरोप लगाया था।

बता दें कि महिला के खिलाफ जमीन की धोखाधड़ी और रंगदारी मांगने के मामले में कोर्ट ने गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। इस पर शनिवार को गोमतीनगर विस्‍तार पुलिस ने ऐक्‍शन लेते हुए महिला को आशियाना स्थित आवास से गिरफ्तार कर लिया।

Related Articles

Back to top button